अमोघपुर और मवई से दूर होगी जलभराव की समस्या
एक करोड़ से बनाएगी सीवर लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
नियामताबाद। स्थानीय विकास खंड के अमोघपुर और मवई गांव में जलभराव की समस्या जल्द ही समाप्त होगी। सांसद के प्रस्ताव पर डीआरडीए ने एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। भारत की नवरत्न कंपनियों में से कोई एक यहां धन खर्च करेगी। सोमवार को एक बार फिर डीआरडीए की टीम ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया।
अमोघपुर गांव में लंबे समय से पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से प्रतिवर्ष बारिश के मौसम में गांव में पानी का भराव हो जाता है। इसको लेकर कई बार गांव के लोगों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई। दो वर्ष पहले गांव के लोगों ने चकिया पीडीडीयू नगर मार्ग पर पांच घंटे तक जाम लगाया था। यही हाल मवई गांव का ही है। इस समस्या को देखते हुए सांसद डॉ.महेन्द्रनाथ पांडेय ने शासन को पत्र लिखा है। इसके तहत गांव में सीवर लाइन का काम कारपोरेट कंपनी से कराने की बात कही गई। इस पर पिछले दिनों कारपोरेट कंपनी के इंजीनियरों की टीम ने गांव में पहुंच कर सर्वे किया और डीआरडीए के सहयोग से स्टीमेट तैयार किया गया। डीआरडीए के जेई वरुण सिंह ने बताया कि एक करोड़ का इस्टीमेट बनाया गया है। धन आते ही काम शुरू होगा। अमोघपुर में चौदह सौ मीटर लंबी सीवर लाइन बनाई जाएगी।