सकलडीहा। फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन कोटेदार संघ के सदस्यों ने छह सूत्री मांगों के समर्थन में मंगलवार को सकलडीहा वितरण केंद्र पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बाइक जुलूस निकालकर कोटेदारों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम पत्रक सौंपा। चेताया कि मांगें पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
कोटेदारों का आरोप था कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत डोर टू डोर डिलेवरी का प्रावधान होने के बाद भी विभागीय उपेक्षा के कारण डोर टू डोर सप्लाई नहीं हो पा रही है। कोटेदारों ने 25 हजार रुपये मानदेय के साथ अन्य प्रदेशों की तरह दो सौ रुपये प्रति कुंतल कमीशन देने की मांग की। साथ ही कोटा समाप्त न करने व इलेक्ट्रानिक मशीन से वितरण के लिये प्रशिक्षण दिए जाने की मांग भी की। प्रदर्शन व जुलूस में कोटेदार प्रेमशंकर मिश्रा, रामशीष पांडेय, बदरूद्दीन, अशोक यादव, सुरेश यादव, विमल, गिरधारी जायसवाल, काश्मीर, दिनेश, शंभूनाथ, सुनील यादव, प्रसिद्धनारायण सिंह, अजीत सिंह, राजेश पासवान, सुरेश सिंह शामिल रहे।