चकिया। वेतन वृद्धि सहित छह सूत्री मांगो के समर्थन में मंगलवार को नगर पंचायत के संविदा एवं ठेकेदारी पर तैनात सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया और अधिशासी अधिकारी अशोक मिश्रा का घेराव किया। घेराव के दौरान अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों की मांगों से संबंधित प्रस्ताव शासन को पूर्व में ही भेज दिये जाने के बारे में बताया। इसके बाद सफाईकर्मी शांत हुए।
सफाईकर्मियों ने 31 जुलाई 2014 से लागू संविदाकर्मियों की वेतन वृद्धि को तत्काल बढ़ाने, ठेकेदारी पर नियुक्त कर्मचारियों का भी वेतन नियमानुसार करने, सभी सफाईकर्मियों से नियमानुसार आठ घंटे कार्य लेने, ओवरड्यूटी करने पर अलग से भुगतान करने, नगर पंचायत में सफाईकर्मियों के बैठने के लिए स्थान देने, सभी सफाईकर्मियों को ड्रेस, जुता, मास्क तथा दस्ताना देने, समय से वेतन भुगतान करने व रविवार को अवकाश देने की मांग की। ज्ञापन अधिशासी अधिकारी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार बागी को सौंपा। सफाईकर्मियों के प्रदर्शन का नेतृत्व सपा नेता राकेश मोदनवाल, रामचंद्र त्यागी, अजय शेखर पुल्लू ने किया। नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार बागी ने सफाईकर्मियों को आश्वासन देते हुए कहा कि वेतन वृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। कहा फिर से प्रस्ताव भेजा जाएगा।
प्रदर्शन करने वालो में अशोक, अनुपम, कमाल अहमद, मुहम्मद मुस्तफा, अनिल, राजिंदर, सुलेंदर, शामू, कृष्णावती, कल्लू, जगदीश, झंझट, गुड़िया, रामू, कलावती, अर्जुन, प्रेमा देवी, धर्मेन्द्र, ज्वाला, महेंद्र, सुदर्शन, संजय, राजाबाबू, राजू मौजूद रहे।