पीडीडीयू नगर। नगर विकास मंत्री ने नए ईओ की नियुक्ति तक नगर पालिका कर्मचारियों को वेतन सैयदराजा ईओ के हस्ताक्षर से बांटने की अनुमति प्रदान कर दी है। इससे अब नगर पालिका के कुल 423 कर्मचारियों को रक्षाबंधन से पहले वेतन मिल जाएगा। बता दें कि नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने 31 जुलाई को नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मुलाकात की थी।
नगर पालिका पीडीडीयू नगर में प्रभारी ईओ के रूप में तैनात रहे अविनाश कुमार के ट्रांसफर लगभग सवा महीने पहले हो गया था। इससे नगर पालिका में कार्यरत स्थायी और आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों को दो माह का वेतन नहीं मिल पाया था। कर्मचारियों के समक्ष जीवकोपार्जन के अलावा त्योहार मनाने का संकट खड़ा हो गया था। नगर के विकास और नए ईओ की तैनाती के लिए नगर विकास मंत्री एके शर्मा से चेयरमैन लखनऊ स्थित उनके आवास पर मिले थे। इस दौरान नगर के विकास के लिए धन मांगने के साथ-साथ नए ईओ की तैनाती किये जाने की मांग की थी। साथ ही दो माह से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने की जानकारी दी थी। इस पर उन्होंने सैयदराजा नगर पंचायत को वेतन बांटने के लिए पत्र जारी किया है। इस संबंध में नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने कहा कि कर्मचारियों की तनख्वाह वितरण के लिए नगर विकासमंत्री की ओर से सैयदराजा ईओ के लिए आदेश दिया गया है। जल्द ही नए ईओ की भी तैनाती शासन की ओर से कर दी जाएगी।