पीडीडीयू नगर। उत्तर मध्य रेलवे के जीएम राजीव चौधरी ने बुधवार को गार्ड और चालकों के लिए बने गार्ड चालक रनिंग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेस में दाल चख कर भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने यहां व्यवस्था सुधार के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बाद में महाप्रबंधक ने स्मार्ट यार्ड का अवलोकन किया। पीडीडीयू नगर में ईसीआर, एन आर और एनसीआर का रनिंग रूम है। रनिंग रूम में गार्डों एवं चालकों के रहने की व्यवस्था की जानकारी लेने के लिए आए थे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नई दिल्ली भागलपुर विकली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से जीएम राजीव चौधरी, डीआरएम अमिताभ, सीनियर डीसीएम अनुमणि त्रिपाठी, असिस्टेंट कमांडेंट प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों की टीम के साथ दिन में 11 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुुंचे। यहां मंडल के डीआएम पंकज सक्सेना, सीनियर डीईएन,डीईएन हेडक्वार्टर एसके राय, सहायक सुरक्षा आयुक्त एसके सिंह, रेलवे सुरक्षा बल के पीडीडीयू प्रभारी बीएन मिश्र, डाउन पोस्ट प्रभारी शमी अख्तर सहित अन्य अधिकारियों ने आगवानी की। इसके बाद अधिकारियों का काफिला इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित रनिंग रूम पहुंचा। यहां उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के लिए बने रनिंग रूम में पहुंच कर किचन, बाथरूम, बेडरूम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां साफ सफाई की अच्छी व्यवस्था का निर्देश दिया। भोजन कर रहे गार्ड और चालकों संग बैठकर भोजन की गुणवत्ता के बारे में पूछा। बाद में ईसीआर के रनिंग रूम में पहुंच कर किचन आदि को देखा। उन्होंने खाने को चखकर इसकी गुणवत्ता जांची। इस दौरान परिसर में उन्होंने पौधरोपण भी किया। बाद में एक करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से 48 बेड के नए रनिंग रूम बनाने पर चर्चा की। बाद में डी केबिन के समीप बने स्मार्ट यार्ड को देखा और इसकी खूबियां जानी। बाद में पाटलीपुत्र लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से छिवकी के लिए रवना हो गए।