शास्त्रीय संगीत विधा से बच्चों को रूबरू कराने के लिए सनबीम स्कूल दुलहीपुर में बुधवार को स्पिक मैके द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची वीणा वादिका डॉ जयंती कुमरेश ने वीणा की मधुर ध्वनि से श्रोताओं को परिचय कराया। इस दौरान बच्चों ने वीणा वादिका से वीणा की बारीकियों की भी जानकारी ली।
अनेक राष्ट्रीय एवं अंर्तराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित कर्नाटक की मशहूर संगीत घराने की डॉ जयंती ने वीणा की झंकार को अपने हुनर से देश-विदेश तक पहुंचाया है । सनबीम स्कूल में आयोजित स्पिक मैके कार्यक्रम में उनके संग मृदंगम पर जयचंद्र राओ एवं मोरचंग पर प्रमथ करण ने संगत संगत । इस अवसर पर स्पिक मैके के वाराणसी क्षेत्र के संस्थापक एसपी सिंह एवं रेलवे इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक एवं छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। डॉ जयंती ने छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि संगीत की सबसे बड़ी विशेषता उसका हमारे हृदय से जुड़ना है। कहा कि संगीत वही है जो मर्म को छू जाता है तथा निरंतर अभ्यास और लगन से ही आता है ।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्वेता कनूडिया, प्रधानाचार्य सीके पालित, उप प्रधानाचार्य स्मृति खन्ना, शैक्षणिक सलाहकार जेपीसी पाठक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रही।