मुगलसराय। शारदीय नवरात्र के नौवें व अंतिम दिन शुक्रवार को माता के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना की गई। घरों में विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद पुरोहितों को बुलाकर हवन पूजन कराया। इसके बाद देवी स्वरूप कन्याओं की पूजा की गई। नवरात्र के पाठ का समापन हुआ।
अंतिम दिन के पूजन अर्चन की तैयारी सुबह से ही घरों में शुरू हो गई थी। पुरोहितों को बुलाकर दुुर्गा शप्तशती के पाठ के बाद मां की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। वैदिक मंत्रों के बीच माता के चरणों में चुनरी, फूल माला, नारियल व शृंगार की सामग्री अर्पित की गई। देवी मंत्रों से हवन किये गये और आरती उतारी गई। आरती के बाद नौ कन्याओं की पूजा हुई और महावर आदि लगाकर भोजन कराया गया। कन्याओं के साथ एक बालक को भैरो स्वरूप मानकर भोजन कराया गया।
नवरात्र के अंतिम दिन माता सिद्धिदात्री की पूजा के लिए देवी मंदिरों में भीड़ रही। नगर के जीटी रोड स्थित काली मंदिर, रविनगर, नई बस्ती, कैलाशपुरी, शाहकुटी, कैथापुर, परशुरामपुर, अमोघपुर, गल्ला मंडी, एलबीएस पार्क स्थित संकट हरण दरबार, आरपीएफ कालोनी, गया कालोनी, प्लांट डिपो, लोको कालोनी, यूरोपियन कालोनी, डीजल कालोनी सहित विभिन्न रेलवे कालोनियों में स्थित देवी मंदिरों पर पूजन अर्चन के लिए भक्तों की भीड़ रही।