पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र के कसाब महाल चौराहे के समीप स्थित नगर पालिका की तीन दुकानें की सोमवार नीलाम की गईं। तीनों दुकानें कुल 36 लाख 65 हजार रुपये नीलाम हुईं। नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए कुल 25 लोगों ने आवेदन किया था। इस दौरान नगर पालिका कार्यालय में काफी संख्या में पुलिस तैनात रही।
कोरोना काल के शुरू होने के बाद से नगर पालिका को विभिन्न मदों से मिलने वाले फंड में प्रदेश सरकार की ओर से कटौती की गई है। ऐसे में पालिका की ओर से नगर पालिका की दुकानों को नीलाम कर फंड एकत्र करने की जुगत लगाई गई। इसके तहत कसाब महाल चौराहे के समीप स्थित नगर पालिका के दुकानों को बोली के माध्यम से नीलामी की प्रक्रिया पालिका कार्यालय स्थित सभागार में सोमवार की सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुई। सबसे पहले सामान्य वर्ग के लिए आवंटित दुकान संख्या दो की नीलामी शुरू हुई। इस दुकान के लिए 11 लोगों ने फार्म भरे थे। दुकान की नीलामी की सरकारी बोली नौ लाख 90 हजार एक सौ रुपये से शुरू हुई। प्रक्रिया शुरू होने के बाद लोगों ने बोली लगाना शुरू किया। दुकान संख्या दो के लिए अंतिम सर्वाधिक बोली 12 लाख रुपये मनोज कुमार जायसवाल ने लगाई। इसके आगे किसी ने भी बोली नहीं लगाई। जिस पर दुकान संख्या दो के लिए मनोज कुुमार जायसवाल के नाम पर नगर पालिका अधिकरियों की ओर से मुहर लगा दी गई। इसके बाद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित दुकान संख्या तीन की नीलामी के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके लिए नौ लोगों ने फार्म भरे थे। दुकान संख्या तीन के लिए सरकारी बोली आठ लाख 76 हजार 512 रुपये से शुरू हुई। इसमें सभी ने अपने सामर्थानुसार बोली लगाई। बुद्धराम पटेल ने 11 लाख 50 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई। इस दौरान अन्य लोगों से नीलामी में बोली नहीं बोले जाने पर अधिकारियों ने बुद्धराम पटेल के नाम पर मुहर लगाई दी। इसके बाद अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित दुकान संख्या चार के लिए लोगों ने बोली लगाना शुरू किया। इस दौरान सिर्फ पांच फार्म भरे गए थे। बोलीकर्ता सतीश कुुमार भारती ने सबसे अधिक 13 लाख 15 रुपये बोली लगाई, इस पर दुकान उनके नाम कर दी गई। इस दौरान चेयरमैन संतोष खरवार, ईओ कृष्णचंद्र, कर निर्धारण अधिकारी अतुल कुमार, जेई मुरलीधर, नथुनी बाबू, भरत बर्णवाल, अरुण मिश्रा आदि मौजूद रहे।