नियमताबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना व शौचालय निर्माण की खराब प्रगति होने पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को ग्राम पंचायत अधिकारी सतीश कुमार को निलंबित कर दिया। वहीं पांच पंचायत सचिवों को तीन दिन के अंदर कार्य में सुधार लाने की हिदायत दी।
सीडीओ की इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों व अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। प्रधानमंत्री आवास व शौचालय की फोटो अपलोडिंग को लेकर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के निर्देश पर सीडीओ डॉ. एके श्रीवास्तव ब्लाक कार्यालय पहुंचे। आनन फानन में ब्लाक सभागार में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक बुलाई गयी। जहां उन्होंने प्रत्येक ग्राम सचिवों की प्रगति रिपोर्ट का जायजा लेना शुरू ैिया। इसमें नींबूपुर व नाथूपुर के सचिव सतीश कुमार का कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर सीडीओ ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया। वहीं सचिव अरुणलाल श्रीवास्तव, कौशलेंद्र विक्रम सिंह, संजय शर्मा, आरबी यादव व विजय सिंह को भी अस्सी प्रतिशत फोटो अपलोडिग के सापेक्ष बीस प्रतिशत से भी कम फोटो अपलोड किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्हें तीन दिन के अंदर कार्य पूर्ण करने की कड़ी हिदायत दी। चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में अपलोडिंग का कार्य पूरा नहीं हुआ तो दोषी सचिवों के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीपीआरओ उमाशंकर मिश्रा, परियोजना निदेशक सुशील कुमार, बीडीओ राजन राय मौजूद रहे।