चंदौली । जिले में शारदीय नवरात्र के मद्देनजर जहां मां दुर्गा के पूजा की धूम मची हुई है। वहीं प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। प्रतिमा विसर्जन के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से 196 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर विसर्जन के दौरान आवश्यकतानुसार पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी।
न्यायालय ने नदियों में प्रतिमा विसर्जन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। ऐसे में प्रशासन की ओर से प्रतिमा का विसर्जन स्थानीय तालाबों व पोखरों में कराया जाता है। इसके लिए पुलिस सर्किल क्षेत्र में विसर्जन के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से शांति कमेटी की बैठकों में पूजा समितियों के सदस्यों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। मसलन पूजा समिति के सदस्य प्रत्येक दशा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान मादक पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे। वहीं विसर्जन जुलूस में डीजे आदि का प्रयोग कदापि नहीं किया जाएगा। पुलिस की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवांछनीय तत्वों को चिह्नित किया गया है। इसके लिए आयोजकों को भी प्रशासन की ओर से विशेष हिदायत दी गई है। ताकि आपसी सद्भाव को बिगड़ने न पाए।
प्रतिमा विसर्जन के लिए पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं विसर्जन के दौरान पुलिस फोर्स की व्यापक व्यवस्था की गई है।
संतोष कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक