चंदौली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर में योजनाओं की जानकारी लेते लोग। स्रोत:-जागरूक पा
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश रामबाबू यादव और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने इसका शुभारंभ किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से चिह्नित 234 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। किसी को आवास की चाबी सौंपी गई तो किसी को चेक, प्रमाणपत्र, आयुष्मान कार्ड, पोषण पोटली, ट्राईसाइकिल, कान की मशीन और जॉब कार्ड वितरित किए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने बताया कि शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उन्हें विधिक सहायता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थ अधिवक्ता अशोक कुमार पांडेय ने धारा 138 एनआई एक्ट की जानकारी दी।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की ओर से अमरनाथ यादव ने इसकी स्थापना के उद्देश्य और जरूरतमंदों को मिलने वाली निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में बताया। पैनल अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने नालसा की योजनाओं की जानकारी दी।
इस मौके पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश किरण पाल सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी रश्मि नंदा, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी विकास वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रभाष त्रिपाठी और सीएमओ डॉ. पारितोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।