चंदौली। विधान सभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम तिथि के पहले बुधवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन करने वालों का तांता लगा। चार विधान सभा सीटों पर बुधवार को भाजपा, सपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी के साथ निर्दल 22 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वहीं 23 लोगों ने नामांकन फार्म खरीदा। इस तरह अब तक चार सीटों के लिए 27 प्रत्याशियों ने नामांकन कर लिये हैं।
नामांकन करने वालों की संख्या अधिक होने से कलेक्ट्रेट में गहमा-गहमी रही। प्रत्याशियों के साथ आए समर्थकों को हाईवे पर ही रोक दिया गया। कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भाऱी उद्योग मंत्री व सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय भी मौजूद रहे। वहीं लगातार जुलूस के साथ प्रत्याशियों के पहुंचने से सड़क पर दिन भर जाम की स्थिति रही। बृहस्पतिवार को नामांकन के अंतिम दिन सबसे अधिक गहमा गहमी रहने की उम्मीद है।
मुगलसराय विधानसभा के लिए छह लोगों में बुधवार को नामांकन किया। इसमें भाजपा के रमेश जायसवाल ने चार सेट, बसपा के इरसाद अहमद ने दो सेट, सुभासपा के राजू प्रसाद प्रजापति, मौलिक अधिकार पार्टी के बृजेश कुमार शर्मा, वीआईपी के शैलेश कुमार और लियाकत अली ने निर्दल उम्मीदवार के रुप में नामांकन किया। वहीं नामांकन करने के लिए पांच लोगों ने कार्यालय से फार्म प्राप्त किया।
विधानसभा सकलडीहा से चुनाव लड़ने के लिए चार लोगों ने नामांकन किया। इसमें जन अधिकार पार्टी से चंदा, बसपा से जय श्याम त्रिपाठी, मौलिक अधिकार पार्टी से श्यामलाल विश्वकर्मा और प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। वहीं नामांकन करने के लिए दो लोगों ने फार्म प्राप्त किया।
विधानसभा सैयदराजा से चुनाव लड़ने के लिए बुधवार को पांच लोगों ने नामांकन किया। इसमें कांग्रेस की विमला देवी, बसपा के अमित कुमार, सपा के मनोज कुमार, जनता राज पार्टी के महेश कुमार और नीलू सिंह उर्फ नीलम सिंह ने निर्दलीय रुप से नामांकन किया। वहीं चार लोगों ने नामांकन के लिए कार्यालय से फार्म प्राप्त किया।
विधानसभा चकिया से चुनाव लड़ने के लिए बुधवार को सात लोगों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें सपा के जितेंद्र कुमार, भाजपा के कैलाश खरवार, जन अधिकार पार्टी से सुभाष सोनकर, कांग्रेस के सुमेर राम, सीपीआई के जयनाथ और उर्मिला देवी निर्दलीय रुप से नामांकन किया। वहीं 12 लागों ने नामांकन के लिए कार्यालय से फार्म प्राप्त किया।