सकलडीहा। खेल मैदान की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्र के खडे़हरा गांव के ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ डोर टू डोर भ्रमण कर विरोध जताया। ग्रामीणों ने खेल मैदान अभिलेख में दर्ज न होने पर लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तहसील क्षेत्र की खाली पड़ी बंजर, नवीन परती, पोखरी, खलिहान, तालाब, नाला सहित अन्य भूमि पर भू माफियाओं की नजर गड़ गई है। उन्होंने वर्षो पूर्व गांव के खेल मैदान का भी तहसील प्रशासन की मिली भगत से बैनामा करा लिया है। इससे गांव के खिलाड़ियों को दिक्कत हो रही है। नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को तीसरे दिन भी खेल मैदान के समर्थन में पूरे गांव में डोर टू डोर भ्रमण कर खेल मैदान के लिए समर्थन जुटाया। अंत में लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल विद्यासागर प्रसाद ग्रामीणों को उचित सहयोग का आश्वासन देकर शांत कराया। विरोध जताने वालों में दीनबंधु राजभर, चंद्रभान सिंह, रामअधार विश्वकर्मा, लालचंद राजभर, रमाशंकर सिंह, दीनानाथ, सत्यनारायण, हकीम अंसारी, रामाश्रय, छोटू, गुलाब, भरत सिंह, बृजेश तिवारी, विजय यादव, प्रभाकर, विद्या सिंह, भोला सिंह, मरजाद यादव शामिल रहे।