बबुरी। क्षेत्र के सिकरी गांव में इसाई मिशनरी की ओर से धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक महकमा सकते में आ गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुुंची पुलिस और तहसीलदार ने मौका मुआयना किया। इस दौरान एक मकान के छत पर बने हाल में दरी बिछी पाई गई। हालांकि इस दौरान पुलिस को कोई मिला नहीं जिससे की पूछताछ कर सके।
ग्रामीणों ने बबुरी पुलिस को फोन से सूचना दी कि सिकरी गांव निवासी विनय प्रत्येक रविवार को घर के ऊपर बने एक हालनुमा कक्ष मे धार्मिक गोष्ठी का आयोजन करते हैँ और वहां धर्म परिवर्तन कराते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि 10 लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा चुुका है। ग्रामीणों की सूचना पर तहसीलदार फूलचन्द यादव, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार और बबुरी थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह पहुंच गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने विनय कुमार के मकान और निर्माणाधीन चर्च का स्थलीय निरीक्षण किया। विनय कुमार के घर के ऊपर बने हाल मेँ दरी बिछी हुई थी लेकिन धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला नहीं मिला। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि मौके पर क्रास दीवार में टंगा हुआ था लेकिन धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला नहीं था। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई लेकिन किसी ने धर्म परिवर्तन जैसी कोई बात नहीं बताई। एहतियात के तौर पर मौका मुआयना किया गया है।