मुग़लसराय। विजलेंस इंस्पेक्टर बनकर ब्रह्मपुत्र मेल की पेंट्रीकार की जांच कर रहे युवक को बुधवार को वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने पकड़ा । आरपीएफ ने आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद फर्जी विजलेंस इंस्पेक्टर को जीआरपी के हवाले कर दिया। इसके बाद जीआरपी कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला वाणिज्य विभाग की टीम और आरपीएफ के साथ विभिन्न ट्रेनों की जांच पड़ताल कर रहे थे। शाम साढ़े चार बजे प्लेटफार्म संख्या तीन पर डिब्रूगढ़ से दिल्ली जा रही अप ब्रह्मपुत्र मेल पहुंची। इसके पेंट्रीकार की जांच के लिए टीम पहुंची तो पता चला कि विजलेंस इंस्पेक्टर भी पेंट्रीकार की जांच कर रहा है। टीम ने इंस्पेक्टर की आईडी चेक की और पूछताछ की तो पता चला कि वह रेलवे में ही नहीं है और फर्जी इंस्पेक्टर बनकर यात्रियों और पेंट्रीकार से वसूली कर रहा है। टीम के सदस्यों ने उसे पकड़ कर आरपीएफ मुगलसराय पोस्ट के हवाले कर दिया। आरपीएफ मुगलसराय इंस्पेक्टर वीएन मिश्र ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम जावेद अहमद निवासी उसिया दिलदारनगर गाजीपुर बताया। फर्जी इंस्पेक्टर को जीआरपी के हवाले किया गया है। वहीं जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।