पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने बुधवार को नगर के व्यापारियों से जनसंपर्क किया और व्यापारियों के उत्पीड़न, जीएसटी की खामियों सहित अन्य मुद्दों के विरोध में 28 सितंबर को प्रस्तावित भारत बंद को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान बंदी की आवश्यकता समझाई और भविष्य की योजना बताई।
गुड्स एवं सर्विस टैक्स की दुश्वारियों, एफडीआई, मंडी शुल्क, व्यापारियों के शोषण के विरोध में फेडरेशन आफ आल इंडिया एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से 28 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसकी सफलता के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने नगर, अलीनगर के अलावा जिले के अन्य बाजार में व्यापारियों से जनसंपर्क कर इसके लिए समर्थन मांगा। कहा कि जीएसटी, एफडीआई, मंडी शुल्क, सैंपलिंग, आयकर आन लाइन ट्रेडिंग की जटिलताओं के खिलाफ देश के खुदरा व्यापारी संकट में है। इसी के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसमें सभी व्यापारियों को बढ़कर भाग लेना चाहिए। कहा कि भारत बंद के समर्थन में गुरुवार की शाम पीडीडीयू नगर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 28 सितंबर को दुकानों को बंद कराने के बाद दोपहर बाद जिलाधिकारी से मिलकर 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा जाएगा। सदस्यों ने मेडिकल, रेडीमेड गारमेंट, किराना व्यावसायी, कन्फेक्शनरी , मोटर पार्ट्स तथा बिल्डिंग मैटेरियल सहित सभी ट्रेड के लोगों का समर्थन लिया। जनसंपर्क करने वालो में संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार जायसवाल, नगर अध्यक्ष मंसूर आलम, प्रदेश मंत्री युवा चंद्रेश्वर जायसवाल,कैलाश जायसवाल, मजीद, मंगल जायसवाल, रामानंद सेठ, भारत अग्रहरि, शमीम सादात, प्रदीप शर्मा शामिल रहे।