नौगढ़। ग्राम्या संस्थान की ओर से ब्लाक के लालतापुर गांव में दो दिवसीय बाल महोत्सव की शुरूआत सोमवार को हुई। पहले दिन कई खेल प्रतियोगिताएं हुई। इस दौरान संस्था की ओर से विभिन्न गांवों में चलाए जा रहे चिराग केंद्रों के छात्रों ने खेल प्रतियोगिताओं में दम खम दिखाया। इस दौरान कठपुतली शो, नाटक मंचन, हास्य कवि सम्मेलन हुआ। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने अशिक्षा को दूर करने का संदेश दिया। महोत्सव की शुरूआत जिला पंचायत सदस्य ज्ञानी देवी ने दीप जला कर किया।
मेले में संस्था की ओर से बसौली, चकिया, अमदहा एवं लालतापुर आदि गांवों में संचालित चिराग केंद्रों के 650 बच्चों ने प्रतिभाग किया। समारोह में बच्चों ने स्वागत गीत, समूह गान, एकल प्रस्तुति, कठपुतली शो, नाटक मंचन, हास्य कवि सम्मेलन जैसी मोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा प्रदर्शित की। इस दौरान कबड्डी,रस्सा कसी, 100 मीटर दौड़, मेढक दौड़, बिस्कुट दौड़, धीमी साइकिल रेस आदि का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के दौरान दहेज, लड़के-लड़की में भेदभाव, बेरोजगारी, अशिक्षा आदि सामाजिक बुराइयों को खत्म करने का भी आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान चम्मच दौड़ में काजू बसौली, मेढक दौड़ में नीरज बसौली साइकल धीमी रेस में चंद्रशेखर लालतापुर, संजनी झुमरिया, 100 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में धीरज लालतापुर, बालिका वर्ग में अंजनी लालतापुर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में पूर्व प्रधान नंदू राम बसौली, लवकुश, परमहंस, मुन्नालाल, राम विलास, बच्चालाल, धर्मराज, त्रिभुवन, शेखर, राम, सविता आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन नीतू व सुरेन्द्र ने किया। धन्यवाद ज्ञापन बिंदू ने दिया।