मुगलसराय। जनपद में विभिन्न केन्द्रों पर रविवार को आयोजित टीईटी परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों एवं उनके साथ आए अभिभावकों के चलते नगर दिनभर जाम की समस्या से जूझता र। सबसे ज्यादा विकट स्थिति दोपहर को पैदा हो गई जब पहली पाली में परीक्षा के देकर निकले अभ्यर्थियों के साथ दूसरी पाली के अभ्यर्थी परीक्षा देने जाने के लिए सड़क पर इंतेजार कर रहे थे। वहीं अभ्यर्थियों के साथ परीक्षा दिलवाने आने वाले अभिभावकों के चलते भी दिनभर काफी भीड़ लगी रही। हालांकि सेंटर के पार मौजूद पुलिस के जवान जाम छुड़ाने में लगे रहे। इस दौरान पुलिस को काफी कड़ी मेहनत करनी पड़ी ।
नगर में नगर पालिका इंटर कालेज व लाल बहादुर शास्त्री बालिका इंटर कालेज में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रथम पाली सुबह दस से दिन में साढ़े बारह बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर में ढाई से शाम पांच तक परीक्षा हुई। इस दौरान दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया । रविवार का दिन होने के बाद भी नगर पर यातायात काफी धीमा रहा। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की भीड़ के चलते नगर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि प्रथम में अभ्यर्थियों के सेंटर में प्रवेश करने के बाद यातायात थोड़ा सामान्य हुआ लेकिन इनकी परीक्षा छूटने के बाद सड़क पूरी तरह से जाम हो गई। दरअसल परीक्षा देकर छूटने वाले अभ्यर्थियों के साथ सड़क पर द्वितीय पाली में जाने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई। शाम पांच बजे भी यही हाल रहा ।