कंदवा। बरहनी विकास खंड के अरंगी गांव की निरस्त सस्ते गल्ले की दुकान कोर्ट के आदेश पर जिलाधिकारी ने जांच के बाद बहाल कर दी है। दुकान बहाल होने से ग्रामीणों में हर्ष है। वहीं कोटेदार बब्बन सिंह ने न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है।
ग्रामीणों की शिकायत पर तत्कालीन उपजिलाधिकारी ने 13 अप्रैल 2017 को दुकान निलंबित कर दी थी। इसके बाद ग्राम प्रधान वंशनारायण यादव और दिलीप सिंह आदि ने गड़बड़ी की शिकायत के साथ ही दुकान को एसडीएम से निरस्त करने की शिकायत करने की मांग की थी। उनकी मांग पर उपजिलाधिकारी ने 1 जुलाई 2017 को दुकान निरस्त कर दिया। इसके बाद दुकानदार ने न्यायालय उपायुक्त खाद्य वाराणसी मंडल वाराणसी में गुहार लगाई। इस पर न्यायालय ने स्थलीय परीक्षण कर उचित दर विक्रेता का पक्ष सुनने का आदेश जारी किया। इस दौरान 13 बार दुकान के चुनाव के लिए हुई खुली बैठक विभिन्न कारणों से स्थगित कर दी गई। न्यायालय के निर्देश पर स्थलीय परीक्षण के दौरान हलफनामा देने वाले 71 कार्ड धारकों में से उपस्थित हुए 42 कार्ड धारकों ने दुकान बहाल किए जाने की मांग की। इसके बाद एसडीएम अभिषेक ने डीएम के निर्देश पर दुकान बहाल कर दी।