सकलडीहा। क्षेत्र के किसानों ने शुक्रवार को इटवा गांव के राजकीय बीज भंडार पर गेहूं के बीज में घटतौली का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि किसान बीज भंडार से मिलने वाले गेहूं के बीज में घटतौली की जा रही है। किसानों का उग्र तेवर देखकर बीज भंडार के प्रभारी गोदाम पर ताला बंद कर फरार हो गए।
किसानों का आरोप था कि 40 किलोग्राम वजन लिखी बोरी में 34 से 36 किलो चार सौ ग्राम तक ही गेहूं है। राजकीय बीज भंडार पर बाट माप की व्यवस्था भी नहीं है। किसानों ने घर पर वजन किया तो बोरी में बीज कम मिला। इससे नाराज किसान शुक्रवार को गोदाम पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। किसानों के साथ हो रहे ठगी का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। बीज भंडार प्रभारी रामविजय यादव ने कहा कि इसमें बीज केंद्र के कर्मचारियों का कोई दोष नहीं है। बोरी में जितना बीज पैक होकर आ रहा है किसानों को दिया जा रहा है।