इलिया(ब्यूरो)। क्षेत्र के बड़ौरा गांव में आवास के लिए धन स्वीकृत होने के बाद भी आवास पूर्ण न करने पर 24 जनवरी को तीसरी बार बीडीओ ने तीन लोगों को नोटिस जारी किया है। वही आवास निर्धारित समय से पूर्ण नहीं करने पर भू- राजस्व की भांति एक मुश्त धन वसूली की जाएगी।
क्षेत्र के बड़ौरा गाँव निवासी दयाराम, नंदलाल राम, धिरजराम पुत्र गण स्वर्गीय बिक्रमा राम को वर्ष 2015 में पूर्व प्रधान शर्मिला सिंह के द्वारा इंदिरा आवास आवंटित किया गया था। जिसके तहत प्रत्येक लाभार्थी को 37500 की पहली किस्त तथा 37500 की दूसरी किस्त और साथ 15000 रुपये मनरेगा के तहत मिलने वाली धन का भी भुगतान कर दिया गया था। बड़ौरा गाँव निवासी मिथिलेश कुमार सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस पर लाभार्थियों के खिलाफ दो जनवरी को प्रार्थना पत्र दिया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए खंड विकास अधिकारी धर्मजीत सिंह ने सेक्रेटरी को पुन: तीसरी बार जाँच के लिए आदेश दिया था। यहां जांच के दौरान तीनों लाभार्थियों द्वारा आवास पर कोई काम नहीं कराया गया। पहले जैसे आधा-अधूरा आवास बना था। ठीक आज भी वैसे ही है। इस मामले में जब खंड विकास अधिकारी धर्मजीत सिंह ने बताया कि तीनों लाभर्थियों को 24 जनवरी को तीसरी बार नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद भी आवास कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है तो तीनों लाभार्थियों से भू-राजस्व की भांति एक मुश्त धन वसूली की कार्रवाई की जाएगी।