नौगढ़/ धानापुर। जिले के धानापुर कस्बा और नौगढ़ के लक्ष्मणपुर में शुक्रवार को आग लगने से लाखों रुपये मूल्य का सामान जल कर राख हो गया। आसपास के लोगों ने निजी संसाधनों से अथक मेहनत कर आग बुझाई। लक्ष्मणपुर में आग से गृहस्थी का पूरा सामान जल गया। वहीं धानापुर कस्बा में अज्ञात कारणों से लकड़ी के दुकान में आग लग गई। इससे लकड़ी, चीरा मशीन और जेनरेटर सहित अन्य सामान जल गए।
नौगढ़ तहसील के चक्करघट्टा थाना अंतर्गत लक्ष्मणपुर गांव में शुक्रवार को दोपहर में जयमुनी पुत्र सरजू के मकान में आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस समय जय मुनि पत्नी के साथ खेत में पर काम करने गया था। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और आग बुझाने में जुट गए। जय मुनि भी पहुंचा और लोगों के साथ मिलकर आग बुझाई। लेकिन तब तक घर में रखा अनाज, बिस्तर, बर्तन, कपड़े, नकदी सहित हजारों रुपये मूल्य का सामान जल गया। पीड़ित के अनुुसार आशंका है कि शार्ट सर्किट से घर में आग लगी है। इसी तरह धानापुर कस्बा स्थित बस स्टैंड के पास छोटू बिंद के लकड़ी के दुकान में गुरुवार की रात आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपये मूल्य के इमारती लकड़ी, चीरा मशीन, रंदा मशीन, जेनरेटर आदि जल गए। छोटू बिंद ने रंजिश वश आग लगाने की तहरीर थाने में दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।