शिकारगंज। क्षेत्र के हंतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वरनाथ पीजी कालेज एवं सीआरबी इंटर कालेज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं सीआरबी कान्वेंट स्कूल का संयुक्त वार्षिकोत्सव ‘‘प्रेरणा‘‘ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ शुक्रवार की शाम संपन्न हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में नाटक कमाता हूं बहुत कुछ, तथा समूह राजस्थानी नृत्य रंगीला मारो डोलना, की प्रस्तुति ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा के दर्शन कराए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के दौरान आकर्षक वस्त्र विन्यास, भावपूर्ण प्रदर्शन, उत्तम मंच सज्जा ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके मुख्य अतिथि एसपी संतोष कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व विभागाध्यक्ष मेडिसिन विभाग बीएचयू डॉ. कमलाकर त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा का अर्थ विद्या से तथा विद्या का अर्थ मोक्ष से है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयामों ने ही देश की परंपरा को जीवित रखा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत सरस्वती वंदना हमरो पे फेरी दा नजरिया ए माई, स्वागत गीत करी अभिनंदन-वंदन के साथ ही सामाजिकता गीत, एकल नृत्य, नाटक मतदाता जागरूकता, सामूहिक नृत्य, देशभक्ति गीत, डांडिया नृत्य, कव्वाली, योग, रिद्म, दहेज गीत, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक नृत्य आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम तथा यथार्थ गीता विद्यालय परिवार की ओर भेंट किया गया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार बागी, रामआसरे सिंह यादव, रामचंद्र यादव, श्रीराम यादव, अनिल सिंह, इंजीनियर प्रताप नारायण, देवनारायण, रामअधार यादव, एसपी सिंह, आभा यादव, डीएन यादव, संतोष कुमार यादव मौजूद रहे। संचालन कृष्ण मुरारी, कुमारी ज्योति और कुमारी सैलजा ने संयुक्त रूप से किया।