पीडीडीयू नगर। शासन ने वन विभाग को जिले में 28 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। एक हफ्ता पहले आए निर्देश के बाद अब विभाग के अधिकारी रूपरेखा बनाने में जुटे हैं। यह पहला अवसर है जब जिले में एक सत्र में इतने व्यापक स्तर पर पौधरोपण होने जा रहा है।
वन विभाग की ओर से पिछले तीन वर्षों में तकरीबन 52 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। अब तक पौधों के लगाने की संख्या 20 लाख से नीचेे ही रही है। दरअसल पौधों की रोपाई की जा रही है लेकिन कुछ देखभाल के अभाव में नष्ट हो जा रहे हैं। यही नहीं विभागीय मिलीभगत से तैयार पेड़ों की धड़ल्ले से कटाई हो रही है। जिस पर रोक नहीं लग पा रही है। इस बार जुलाई-अगस्त में 24 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग ने अपने सभी रेंजरों एवं कर्मचारियों को नर्सरी की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। इसमें चकिया, नौगढ़, रामनगर, जय मोहनी, चहनिया, चंदौली सहित अन्य रेेंजों में जगह को चिह्नित करने का काम भी शुरू हो गया है। इसमें जंगल के अलावा सड़क किनारे, बंजर एवं रेलवे लाइन के किनारे पौधों को लगाया जाएगा। सबसे अधिक पौध चकिया और नौगढ़ क्षेत्र में लगाए जाएंगे। इसमें सागौन, शीशम, नीम, महुआ के पौधे रोपे जाएंगे।
इनसेट 1
वर्ष 2016 में 19 27428 पौधे
वर्ष 2017 में 1596886 पौधे
वर्ष 2018 में 1742864 पौधे
इनसेट 2
गंगा ग्राम गांवों में बांटे जाएंगे पौधे
पीडीडीयू नगर। गंगा हरितिमा अभियान के तहत जिले के पांच ब्लाकों धानापुर, चहनिया, चंदौली, बरहनी और नियामताबाद के गंगा किनारे गांवों में चिह्नित गंगा ग्रामों में भी इस साल 20 हजार पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग किसानों एवं ग्रामीणों को नि:शुल्क पौधे देने के साथ ही उसकी देखभाल के लिए प्रति पौधे 35 रुपये मुहैया कराएगा। पांचों ब्लाकों में 47 ग्राम पहले से चिह्नित किए जा चुके हैं।
कोट...
इस बार शासन से 28 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसकी तैयारी शुरू करा दी गई है-नर्सरियों को अभी से तैयार कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही गंगा ग्रामों में भी पौधे मुफ्त में दिए जाने की योजना है। ताकि हरियाली को और बढ़ाया जा सके। मनोज खरे, डीएफओ, चंदौली।