नौगढ़। ग्राम्या संस्थान व यूएनएफटी की ओर से महिला हिंसा एवं स्त्री-पुरुष बराबरी में पुरुषों की भागीदारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को जयमोहनी गांव में लैंगिक समानता मेला आयोजित किया गया। मेले में सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से महिला हिंसा पर चर्चा कर समानता पर आधारित कठपुतली शो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
मेले में साथ-साथ रोटी बनाने सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। संस्थान की नीतू सिंह ने कहा कि महिला पुरुष में गैर बराबरी व महिला हिंसा पर जनजागरूकता के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। घरेलू हिंसा से संबंधित महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 कानून पर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। जिला पंचायत प्रतिनिधि पन्नालाल व चंद्रप्रकाश दूबे ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर त्रिभुवन, रामबली, मोहन, राजेश, संत कुमार, प्रदीप कुमार, रामविलास, शिवशंकर, गोविंद, सीमा, आशा, केवली आदि उपस्थित थे।