सकलडीहा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चल रहे पदयात्रा व जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत सैयदराजा विधायक सुशील सिंह बुधवार को कई गांवों में ग्रामीणों से मिले। इस दौरान उन्होंने लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से अवगत कराया और समस्याओं से निजात दिलाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने क्षेत्र के उकनी बीरम राय, दुदौली, मनियारपुर, रैपुरा, बभनपुरा आदि गांवों में पदयात्रा निकाली। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, खाद, बीज और सड़क की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। किसानों का कहना था कि इस समय खाद की सबसे अधिक समस्या सामने आ रही है। विधायक ने समस्याएं सुनने के बाद आश्वस्त किया कि वे खाद बीज की किल्लत को दूर कराएंगे। साथ ही लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की कार्य योजनाओं से अवगत भी कराया। ग्रामीणों ने कई स्थानों पर विधायक का स्वागत किया। पदयात्रा में अमित सिंह, मोनू सिंह, बजरंगी, मुसाफिर विश्वकर्मा, श्रीराम चौबे, अरविंद राजभर, मनोज, कल्लू शामिल रहे।