मुगलसराय। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश मंत्री और वैश्य समाज के जिलाध्यक्ष चंद्रेश्वर जायसवाल के नेतृत्व में वैश्य समाज और व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल लखनऊ में कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंप कर मुगलसराय के चकिया त्रिमुहानी से दक्षिण पश्चिम की ओर जाने वाले चार सौ मीटर तक सड़क की जीर्णोद्धार की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि चकिया मुगलसराय मार्ग पूूरी तरह ठीक है लेकिन सिर्फ चार सौ मीटर की स्थिति खराब है। इस पर चलना मुश्किल है। इसकी मरम्मत की कई बार मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसी तरह व्यापारियों ने शस्त्र लाइसेंस देने की भी मांग की। कहा कि प्रदेश में लगातार व्यापारी व आम जनता के साथ लूटपाट, चोरी, हत्या, फिरौती जैसी आपराधिक वारदात हो रही है। इसको देखते हुए व्यापारियों को शस्त्र का लाइसेंस दिया जाना चाहिए। मंत्री ने मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता कर पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सैयदराजा चेयरमैन वीरेन्द्र जायसवाल, गोविंद केशरी, हरिश्चंद्र अग्रहरि, अजय वर्मा, संदीप जायसवाल, राजकुमार जायसवाल आदि रहे।