चंदौली। ईद पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी हेमंत कुमार और एसपी संतोष कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्घ लोगों और ग्राम प्रधानों संग बैठक की। इस दौरान ग्रामीण और कस्बाई अंचलों में व्याप्त समस्याओं की जानकारी ली और उनके तत्काल समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अलविदा और ईद की नमाज के लिए बड़े ईदगाहों पर वालेंटियर्स की नियुक्ति करने का दायित्व मस्जिद प्रबंधकों को सौंपा, जो शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस टीम की मदद करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईद का पर्व आपस में मिलजुल कर मनाएं। यदि कोई विवाद है तो उसे आपस में बैठकर हल करें या जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का सहयोग लें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे शांति व्यवस्था बाधित हो। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं को सुना और निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। डिग्घी गांव में जलनिकासी की शिकायत पर तत्काल एसडीएम सदर और सीओ को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। एसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वालंटियर्स की सूची संबंधित थानों को भी उपलब्ध करा दें।