लौंदा स्थित एक निजी संस्थान में मेधावी को सम्मानित करते सीओ सदर देवेंद्र कुमार। स्रोत:-जागरूक प
नियामताबाद। स्थानीय विकास खंड के लौंदा स्थित एक निजी संस्थान में टोबैको कंपनी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में जिले के 165 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने सीबीएसई और यूपी बोर्ड की परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
इस दौरान सीओ देवेंद्र कुमार ने छात्रों को मोबाइल रील के बढ़ते चलन से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को जिम्मेदार, अनुशासित और योग्य नागरिक बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि रील बनाने के चक्कर में युवाओं का कीमती समय नष्ट होता है और कई बार लोग रेलवे ट्रैक, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य खतरनाक स्थानों पर वीडियो बनाकर अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं।
सीओ ने कहा कि यदि सोशल मीडिया का उपयोग करना है तो ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और समाजोपयोगी सामग्री बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक और मानसिक विकास भी जरूरी है। अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। संवाद