सकलडीहा। तहसील मुख्यालय पर अनियमित बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को नागेपुर स्थित राज्यमंत्री अनिल राजभर के आवास पर पहुंच कर मंत्री का घेराव किया। प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए बताया कि वादा 22 घंटे बिजली देने का किया लेकिन क्षेत्र में मिल रही है मात्र छह से आठ घंटे बिजली। समस्या सुनकर राज्य मंत्री ने व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार मंत्री अनिल राजभर का गृह जनपद व निवास स्थल होने के बावजूद कस्बे में बिजली की अनियमित कटौती हो रही है। इससे लोगों में नाराजगी है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों की मनमानी के कारण सुबह से देर रात तक अनियमित कटौती हो रही है। रविवार की देर रात तक बिजली के लिये कस्बावासियों के साथ खुद मंत्री को इंतजार करना पड़ा। सोमवार को कस्बा सहित आसपास के लोगों ने बिजली परेशानी और बहरवानी गांव में हुई मारपीट की समस्या से अवगत कराया। मंत्री ने शीघ्र ही समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस मौके पर रमाशंकर खरवार, अतुल सिंह, महेन्द्र, पूर्व प्रधान शिवमूरत राजभर, विजय पांडेय, रामकृत यादव आदि मौजूद रहे।