कंदवा। कर्मनाशा नदी पर अधूरे और बंद पड़े पंप कैनालों की गड़बड़ी दूर करने के लिए सिंचाई विभाग और जनप्रतिनिधियों की नींद टूटी। गुरुवार को विधायक सुशील सिंह के निर्देश पर सिंचाई विभाग (लघुडाल) के अधिकारियों ने पंप कैनालों का निरीक्षण किया। साथ ही गड़बड़ियों को दूर कर जल्द बंद पड़े कैनालों को चालू करने का आश्वासन दिया।
बता दें अधूरी परियोजनाओं के तहत अमर उजाला के 16 जून के अंक में अधूरे और बंद पड़े पंप कैनालों और सिंचाई की समस्या को प्रकाशित किया था। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक ने इसे संज्ञान में लेकर नहर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल समस्याओं को दूर करें जिससे कि किसानों को सिंचाई की समस्या न हो। गुरुवार को एसडीओ संजीव कुमार और जेई भईया लाल ने सामाजिक संस्था रामधारी सिंह दिनकर सेवा समिति के सचिव मृत्युंजय सिंह दीपू के साथ नरवन के रेरुआ, मुड्डा, धनाइतपुर, अरंगी, अदसड़, ककरैत और करौती लिफ्ट कैनालों का निरीक्षण किया। एसडीओ ने रेरुआ लिफ्ट कैनाल का मेन स्वीच और स्टार्टर चार माह से खराब होने पर आपरेटर राजेंद्र को फटकार लगाई। वहीं पानी के अभाव में ठप चल रहे धनाइतपुर लिफ्ट कैनाल के संचालन के लिए अधिशासी अभियंता से बात कर नदी की खुदाई का आश्वासन किसानों को दिया। दरअसल नदी सूखने से पानी कैनाल से दूर चला गया है। इससे पंप बंद हैं। एसडीओ संजीव कुमार विभागीय कर्मियों के साथ सबसे पहले रेरुआ लिफ्ट कैनाल पर पहुंचे। इस दौरान किसानों ने बताया कि कैनाल का मेन स्वीच व स्टार्टर करीब चार माह से जला हुआ है तो वहीं हौज पाइप भी फ़टी हुई है। उसके बाद वे मुड्डा लिफ्ट कैनाल पर पहुंचे जहां किसानों ने मोटर की क्षमता बढ़ाने और बंद पड़ी मोटर को भी चलवाने की मांग की। नहर में पानी गिरने वाली पाइप भी कई जगह फट गई है। धनाइतपुर, अदसड़ और ककरैत लिफ्ट कैनाल पानी के अभाव में कैनाल बन्द चल रहा है तो अरंगी में स्टार्टर ही नहीं है।