पीडीडीयू नगर। जिले को कुष्ठमुक्त करने के लिए नीदरलैंड की एक संस्था आगे आई है। बुधवार को संस्था की दो सदस्यीय टीम जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से मुलाकात कर पूरी योजना बताई। संस्था का विश्व स्वास्थ्य संगठन से टाईअप इसी के तहत जिले को गोद लेकर यहां कुष्ठ रोगियों को मुफ्त में दवा वितरित की जाएगी और जिले को पांच साल में कुष्ठ मुक्त बनाया जाएगा। केंद्र सरकार की पहल पर प्रदेश के चंदौली और फतेहपुर दो जिलों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत चयन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 1178 कुष्ठ रोगी हैं। इसमें 279 शारीरिक रूप से दिव्यांग भी है। इस संबंध में केंद्रीय कुष्ठ निवारण विभाग के अक्षत गर्ग और विवेक सिंह ने डीएम से मुलाकात की। डीएम के सामने पूरी योजना की जानकारी दी। पांच साल में जिले को कुष्ठ रोगी मुक्त करने का दावा किया। । कुष्ठ रोगियों का इलाज और उनकी दवाएं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से दी जाएगी। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि दो सदस्यीय टीम ने मुलाकात कर योजना के बारे में जानकारी दी है। एक अक्तूबर से दवा बांटने और इलाज शुरू कराया जाएगा। संस्था की ओर से कुष्ठ रोगियों की पहचान कर ली गई हैं। पायलट प्रोजेक्ट के तहत पांच साल तक इनका इलाज कर जिले को कुष्ठ मुक्त बनाय जाएगा। जिले के लिए यह अच्छी पहल होगी।