चंदौली। नौवतपुर एनएच टू पर बृहस्पतिवार को जांच के दौरान एक दूध टैंकर से पुलिस ने 134 पेटी अवैध शराब बरामद किया। दौरान टैंकर को लोकेशन देने वाले कार सवारों के साथ पांच लोगों को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो वाहन भी जब्त किये। एसपी हेमेंत कुटियाल ने पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि शराब की तस्करी रोकने के लिए एनएच पर पुलिस के द्वारा विशेष रुप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसमें स्वाट टीम, सर्विलांस टीम को अहम जिम्मेदारी दी गई है। बृहस्पतिवार को सैयदराजा प्रभारी लक्ष्मण पर्वत, स्वाट प्रभारी अभय सिंह और सर्विलांस प्रभारी अतुल नारायन सिंह सहयोगियों के साथ बिहार बार्डर के समीप वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक दूध के टैंकर को रोककर चेक किया तो उसके टैंक के अंदर बड़ी मात्रा शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसमें वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार करने के बाद 134 पेटियों में भरे 2384 बोतलों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। बताया कि टैंकर को लोकेशन देने वाले एक लग्जरी कार और उसमें सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि गिरफ्तार सुजीत कुमार निवासी लश्कर थाना उदाकिशुनगंज जिला कटिहार, अमित कुमार सोनीपत हरियाणा, अजय कुमार सोनीपत हरियाणा, प्रदीप कुमार सोनीपत हरियाणा, कुलदीप सोनीपत हरियाणा ने पूछताछ के दौरान शराब तस्करी के कारोबार में लिप्त होने की बात स्वीकार की है। बताया कि जांच के दौरान टैंकर पर लगा नंबर प्लेट फर्जी पाया है। जो परिवहन विभाग के द्वारा सवारी बस के लिए जारी किया गया है।