कंदवा। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 18 से 70 वर्ष तक का कोई भी व्यक्ति मात्र 12 रुपये प्रतिवर्ष खर्च कर दो लाख तक के दुर्घटना बीमा का लाभ ले सकता है। यह जानकारी बरहनी स्थित मां मंशा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को आयोजित संगोष्ठी में काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक बरठी कमरौर (सैयदराजा) के शाखा प्रबंधक प्रणय कुमार सिन्हा ने दी।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना होने के बाद नामिनी को निर्धारित रकम दी जाती है। इसके अलावा अपंगता की स्थिति में भी 50 प्रतिशत तक का लाभ मिल सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना व अटल पेंशन योजना पर भी विस्तृत प्रकाश डाला। कहा कि इन योजनाओं में भी अलग-अलग निर्धारित पैसा जमा कर वृद्धावस्था में पेंशन का लाभ भी लिया जा सकता है। लोगों को सामाजिक सुरक्षा के तहत अनिवार्य रूप से प्रधानमंत्री बीमा योजना का लाभ लेना चाहिए। कहा कि इच्छुक लोग अपने निकटतम बैंक की शाखा में जाकर या बैंक मित्र से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं। बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक लोगों का बैंक में खाता होना आवश्यक है। इस मौके पर बैंकमित्र मनोज कुमार, शुभेंदु पाल, रचना सिंह, अलका, आंचल सिंह, काजल, लवली, अनुराधा, निधि, प्रियंका, सुमन, रंजना, चंद्रकला, अंतिमा, उपासना मौजूद रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह ने की।