पड़ाव। नियामताबाद विकासखंड के फतेहपुर गांव की दलित बस्ती में संपर्क मार्ग निर्माण पूर्ण न किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र संपर्क मार्ग का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बस्ती में मुख्य संपर्क मार्ग न होने से ग्राम प्रधान कृपाशंकर उर्फ बबई यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अधूरे संपर्क मार्ग पर खड़े होकर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि लगभग चार सौ की आबादी वाली बस्ती में आजादी के लिए आज तक मुख्य संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया है। ग्राम प्रधान ने कहा कि दलित बस्ती के लिए आधे से ज्यादा कच्चे मार्ग का निर्माण करवाया गया है। गांव के ही कुछ लोगों द्वारा मुख्य मार्ग के निर्माण में बाधा उत्पन्न किये जाने के कारण कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहा है। कार्य पूरा करने के लिए अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके अब तक कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने चेताया कि अगर शीघ्र मुख्य मार्ग का निर्माण पूर्ण नहीं हुआ तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालो में शकुंतला, मीना, मंशा, चंद्रकला, केवला देवी, सुशीला, सरस्वती, धर्म, राजकुमारी, छक्कू, कमलेश चौधरी, दिनेश कुमार, लालजी, ओमप्रकाश, लालचंद, महेश शामिल थे।