पीडीडीयू नगर। आरपीएफ कालोनी, मालगोदाम रोड स्थित एसआरबी पब्लिक स्कूल में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को खेल प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक तारकेश्वर चौबे ने दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
तीन दिन चली खेल प्रतियोगिताओं में नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। उनके बीच खो-खो, बॉक्सिंग, शाटपुट, सुई-धागा दौड़, बैलून रेस, टॉफी रेस, लंबी कूद, जंप फ्राग रेस, अरेंजिंग अल्फाबेट्स, लेटर रेस, बॉल रेस, 50, सौ व दो सौ मीटर की रेस आदि खेल प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसके पूर्व विद्यालय के प्रबंधक ने कहा कि जीवन में खेलकूद का काफी महत्तव है। इससे स्कूल स्तर से ही छात्रों में आगे बढ़ने की प्रवृत्ति जागृत होती है। इसके अलावा खेलकूद से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य व मस्तिष्क सुदृढ़ होता है। कहा, किताबी ज्ञान के साथ ही छात्रों को खेलकूद आदि अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य एलएस जेम्स, मुकेश दूबे, एसपी पांडेय, टीआर दास, इलियास अहमद, रमन, गोपाल, चंदन, आनंद, अखिलेश, संजय, गीता, आकांक्षा, राधा, प्रियंका, नेहा आदि मौजूद थे। खेलों का संचालन स्कूल के खेल प्रशिक्षक कुमार नंदजी ने किया।