सकलडीहा। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत धीना और जमानियां रेलवे स्टेशनों के बीच में शनिवार को 12 बजे से डाउन लाइन को मरम्मत के लिए तीन घंटे तक ब्लाक किया गया था। डाउन लाइन में परिचालन ठप होने से रेल यात्रियों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर हंगामा किया। करीब तीन घंटे बाद ट्रेनों का संचालन शुरू होने पर रेलकर्मियों ने राहत की सांस ली। सकलडीहा स्टेशन अधीक्षक राजीवरंजन ने बताया कि धीना और जमानियां के बीच रेलवे लाइन पर मरम्मत के चलते कई ट्रेनें घंटों विलंब से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।
रेलवे के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दानापुर रेल मंडल के धीना और जमानियां रेलवे स्टेशनों के बीच दोपहर 12 बजे से डाउन लाइन में मरम्मत का कार्य चल रहा था। जिसके कारण 2368 विक्रमशिला धीना, 2338 पटना कोटा सकलडीहा, 22406 गरीब रथ लूप लाइन में खड़ी हो गई थी। वहीं कुछमन में 82356 सुविधा एक्सप्रेस और 2379 कुंभ एक्सप्रेस खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर खूब हो हल्ला मचाया। जिसके चलते कर्मचारियों ने तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। करीब तीन बजकर 20 मिनट पर संचालन शुरू होने पर यात्रियों के साथ रेलकर्मियों ने राहत की सांस ली।