ब्लॉक संसाधन केंद्र बरहनी में मंगलवार को स्थानीय प्राधिकारी एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्षों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बीईओ बरहनी प्रदीप सिंह ने प्रबंध समिति के अध्यक्षों और प्रधानाध्यापकों को प्रबंध समिति के कार्यों एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि पहले परिषदीय विद्यालयों में केवल बच्चों को ड्रेस का वितरण किया जाता था लेकिन अब जूता मोजा और स्वेटर वितरण की भी योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि माता समूह के गठन पर भी विचार किया जा रहा है। उनके गठन के बाद इनके द्वारा एमडीएम चखने के बाद ही बच्चों को एमडीएम वितरित किया जाएगा। कार्यशाला में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पढ़े- भारत बढ़े भारत ,स्वच्छ भारत अभियान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत बालिका शिक्षा को सफल बनाने एवं समाज में व्याप्त लिंग भेद को कम करने के उद्देश्य से 2015-16 से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है ।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 6 से 14 वर्ष की बालिकाओं को शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। इस दौरान एबीआरसी रामजी प्रसाद, डॉ. संजय सिंह, अनिल सिंह, जितेंद्र प्रजापति, सुरेश सिंह, रामकिशुन, गिरीश चंद्र, कृष्णकांत केशरी आदि मौजूद रहे।