पड़ाव। क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के शहीद सीआरपीएफ जवान अवधेश कुमार यादव के घर रविवार को भी सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। रिश्तेदार और शुभचिंतकों के अलावा अधिकारी और नेताओं का सुबह से देर शाम तक आना-जाना लगा रहा। सभी लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया। परिवार को सांत्वना देने के साथ ही भरोसा दिलाया कि वह दु:ख की घड़ी में उनके साथ हैं। सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह भी घर पहुंच कर शहीद के पिता को सांत्वना दी। परिवार के सभी सदस्यों के हाल पूछा और भरोसा दिलाया कि पूरा देश आपके साथ खड़ा है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह रविवार को भी बहादुरपुर गांव स्थित शहीद अवधेश कुमार यादव के घर पहुंचकर दूसरे दिन भी हालचाल लिया। पिता हरिकेश यादव को ढांढस बंधाया। साथ ही सीओ और कोतवाल प्रभारी को निर्देश दिया कि किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। वहीं वाराणसी सीआरपीएफ-95 बटालियन के कमांडेंट नरेंद्र पाल सिंह अपनी पत्नी और बच्चों संग पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति दु:ख प्रकट किया और सांत्वना दी। शहीद के पिता हरिकेश यादव, माँ मालती देवी व शहीद की पत्नी शिल्पी यादव को कमांडेंट की पत्नी रंजीता सिंह ने मिलकर सांत्वना दी। परिवार संग काफी समय बिताया। इस मौके पर कमांडेंट एनपी सिंह ने कहा कि आपने अपना बेटा खोया है और सीआरपीएफ टीम ने अपने एक जाबाज साथी को खो दिया है। जिसका बहुत दु:ख है। दुख और संकट की इस घडी में पूरी सेना आपके परिवार के साथ है। और उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की तरफ मिलने वाली सभी सुविधाएं मुहैया कराने की हर संभव मदद करूँगा। इस मौके पर सहायक कमांडेंट आलोक सिंह, बेटा राहुल सिंह, बेटी अनन्या सिंह,सहित कंपनी के जवान भी शामिल थे।