पीडीडीयू नगर। एनसीसी 91 यूपी बटालियन की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को बटालियन कार्यालय परिसर में गोष्ठी हुई। इसमें रसोई और पूजा स्थल के साथ घर के हर कोने और बाहर में साफ सफाई की आवश्यकता जताई।
मुख्य अतिथि कमान अधिकारी कर्नल पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि हमारे देश की कड़वी सच्चाई है कि सभी स्वच्छता और धर्मपरायणता केवल धार्मिक गतिविधियों और रसोई तक ही सीमित है। हम भारतीय अपने हर तरफ की गंदगी के लिये गंभीर नहीं हैं, कहीं भी कोई गंदगी का ढेर देख सकता है। अपने आसपास के वातावरण को साफ और स्वच्छ रखना हमारे व्यवहार में नहीं है। लेकिन अब हमें अपनी सोच बदलनी होगी। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने कहा कि सिर्फ शौचालय बनाने भर से भारत स्वच्छ हो जाएगा, ऐसा नहीं है। टॉयलेट की सुविधा देना, कूड़ेदान की सुविधा देना, कूड़े के निस्तारण का प्रबंध करना, ये सभी सिर्फ माध्यम हैं। स्वच्छता एक आदत है, जिसको नित्य के अनुभव में शामिल करना पड़ता है। डायरिया जैसी अनेक बीमारियों का सीधा संबंध गंदगी से है. ये बीमारियां लाखों जीवन हमसे छीन लेती हैं. हमें इस बात का संतोष होना चाहिए कि स्वच्छ भारत अभियान के चलते डायरिया के मामलों में बहुत कमी आई है। कंपनी कमांडर मेजर अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वच्छता को अपने संस्कार में निहित करना होगा। इस मौके पर सूबेदार केसर सिंह, नित्यानंद सिंह, ओमकार थापा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट अशोक त्रिपाठी ने किया।