चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित एक्सईएन कार्यालय में न्याय उपभोक्ता के द्वार के तहत शुक्रवार को जन सुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कुल 20 उपभोक्ताओं के परिवाद प्रस्तुत किए गए। इसमें 15 परिवादों का मौके पर निस्तारण किया गया। उपभोक्ता व्यस्था निवारण फोरम के अध्यक्ष श्यामबिहारी राय ने बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को सही ढंग से काम करने की हिदायत दी। कहा कि विभागीय लापरवाही के चलते उपभोक्ताओं को मीटर रीडिंग से अधिक बिल भेजा जाता है। इसकी वजह से उपभोक्ताओं की ओर से बिल का भुगतान नहीं किया जाता है। विद्युत वितरण खंड व उपखंड में ऐसे तमाम मामले लंबित हैं। इसके निस्तारण के लिए विद्युत वितरण निगम की ओर से जनसुनवाई का आयोजन किया गया है। कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के उद्देश्य से फोरम कार्य कर रहा है। किसी प्रकार की परेशानी होने पर उपभोक्ता तत्काल इसकी शिकायत फोरम में करें। शीघ्र निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान विजय रंजन सिन्हा, एक्सईएन अनिल कुमार गुप्ता, एके शुक्ला, डीके पांडेय, रामजनम सिंह आदि उपस्थित रहे।