चंदौली। प्रमुख सचिव और जनपद के नोडल अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सोमवार को जनपद में होंगे। इस दौरान वह विकास कार्यों का जायजा लेंगे और अधिकारियों संग बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। प्रमुख सचिव के आगमन के मद्देनजर रविवार को कई सरकारी कार्यालय खुले रहे। कर्मचारी साफ-सफाई में तो अधिकारी फाइलों को दुरुस्त करने में व्यस्त रहे।
प्रमुख सचिव सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनपद स्तरीय अधिकारियों संग विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्रगति की जानकारी लेंगे साथ ही पूर्व के दौरों में दिए गए निर्देशों पर कितना अमल हुआ है इसकी भी पड़ताल करेंगे। शिथिलता मिलने पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। बैठक के उपरांत बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके पश्चात पचास लाख रुपये से अधिक लागत की किसी एक परियोजना का निरीक्षण भी करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी अभय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रमुख सचिव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना और एक गांव का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह गांव में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का हाल जानेंगे। ग्रामीणों से योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी लेंगे। बहरहाल प्रमुख सचिव के आगमन का असर रविवार को ही नजर आ गया। सरकारी कार्यालय खुले रहे और तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह खुद कार्यालय में मौजूद रहकर साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियों को पूर्ण कराते नजर आए।