विभिन्न पूजा समिति के सदस्यों ने सोमवार को भी जयकारे के बीच दुर्गा प्रतिमाओं का विजर्सन नदियों, तालाबों में किया। इसके पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली गई और पूजा समिति के लोगों ने खूब अबीर गुलाल उड़ाए।
सोमवार को नगर के लाठ नंबर एक, लाठ नंबर दो, राममंदिर सहित विभिन्न पूजा पंडालों की मूर्तियों को नगर के दामोदरदास पोखरा में विसर्जित किया गया। दुलहीपुर संवाददाता के अनुसार प्रगतिशील कोयला व्यापारी हितकारी संघ की ओर से स्थापित माता दुर्गा, लक्ष्मी, माता सरस्वती, भगवान गणेश और कुमार कार्तिकेय की प्रतिमा को वाहन पर रख कर जुलूस निकाला गया। शोभायात्रा के दौरान खूब आतिशबाजी की गई। इसी तरह लेबर उद्योग संघ की ओर से भी गाजे बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इलाके का भ्रमण करते हुए शोभायात्रा नई बस्ती स्थित दामोदरदास पोखरे पर पहुुंची। यहां जयकारे क बीच मूर्तियों का विसर्जन किया गया। चहनियां संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार चैराहे पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई और युवाओं ने खूब अबीर गुलाल उडाए। सृजन परिवार चहनिया के तरफ से स्थापित प्रतिमा का विसर्जन सोनहुला स्थित पोखरे में किया गया।