लालबहादुुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में
नामांकन पत्र को लेकर शुक्रवार को दो गुटों में विवाद के बाद मारपीट हो
गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें 12 छात्र
जख्मी हो गए। नाराज छात्रों ने दोपहर में कालेज के सामने सड़क पर जाम लगा
दिया। शाम चार बजे सैयदराजा विधायक मनोज सिंह के कार्रवाई के आश्वासन पर
छात्रों ने जाम समाप्त कर दिया।
शुक्रवार को सुबह नौ बजे छात्रसंघ
चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। 11 बजे के करीब उपाध्यक्ष
पद के लिए नामांकन पत्र लेने को लेकर दो गुटों में पहले विवाद और बाद में
मारपीट हो गई।
इससे अफरा-तफरी मच गई और एलबीएस कटरा की दूकानें बंद हो गई।
इसके बाद छात्रों का एक गुट कोतवाली शिकायत करने पहुंचा। वहां से लौटने पर
स्टेशन के समीप काली मंदिर के पास दोनों गुट आमने-सामने हो गए और फिर
मारपीट हो गई। सूचना पाकर पहुंचे कूड़ा बाजार चौकी की पुलिस ने छात्रों को
नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।
इसमें अंकित यादव, सतेंद्र यादव,
धर्मेंद्र, आशीर्वाद मिश्र, कुंदन, प्रमोद, राकेश, आलोक, राहुल आदि घायल
हो गए। इससे नाराज छात्रों ने दोपहर साढ़े बारह बजे कालेज के समीप जीटी रोड
पर जाम लगा दिया।
छात्रों ने कूड़ा बाजार चौकी इंचार्ज को हटाने की मांग
की। सूचना पर अलीनगर पुलिस और एक सेक्शन पीएसी पहुंच गई। एसडीएम सदर गिरीश
कुमार, सीओ सदर प्रमोद कुमार, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह ने
छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अड़े रहे।
जाम से सड़क के
दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। शाम चार बजे पहुंचे सैयदराजा विधायक मनोज
सिंह ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।
उधर,
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस ने भीड़ को
नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया था। जिसमें सात लोगों का
मेडिकल कराया गया है। चौकी इंचार्ज के खिलाफ तहरीर मिली है। मामले की जांच
की जा रही है।