चकिया। स्थानीय कोतवाली के बीकापुर गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार की दोपहर में दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों से 12 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज संयुक्त चिकित्सालय में कराया गया। वहीं दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
विकास खंड के बीकापुर गांव निवासी नारद मौर्य और रामअचल मौर्य के बीच लबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। सोमवार की दोपहर में दोनों पक्षों के बीच इसी बात का लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग भी आमने सामने हो गए और लाठी डंडा से एक दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट में एक पक्ष से महानंद, राजनाथ, प्रेमी, रोहित, मोहित ,अंकित, तहसीलदार और अभिमन्यु तथा दूसरे पक्ष के नारद, दीपक, सूर्या और चंद्रभान घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में पहुंचाया और इजाज कराया। कोतवाल रहमतुल्ला खां ने बताया कि दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और आगे की कार्रवाई की जा रही है।