राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण प्रक्रिया के तहत जगदीशसराय में भवनों को ध्वस्त करती जेसीबी
राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण प्रक्रिया के तहत बुधवार को जगदीशसराय स्थित 12 भवनों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने कुछ स्थानों पर विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली। शाम तक बुल्डोजर चलता रहा।
मालूम हो कि जनपद से गुजरे नेशनल हाइवे 02 के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।
नौबतपुर से लगायत रामनगर तक हाइवे को चौड़ा करने का काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जगदीशसराय गांव स्थित हाइवे से सटे मकानों को ध्वस्त करने के लिए बुल्डोजर का सहारा लिया गया। पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूद में पहले से चिह्नित दायरे के अंदर आने वाले मकानों को गिराने का काम पोलैंड मशीन द्वारा शुरू किया गया।
मकानों पर बुल्डोजर चलने की खबर से भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आलम यह रहा कि एक-एक कर सड़क किनारे मौजूद मकानों को ध्वस्त करने का सिलसिला जारी रहा। शाम होते-होते 12 मकानों को धराशायी कर दिया गया। मकानों को ध्वस्त करने से प्रभावित ग्रामीण प्रशासन के प्रति खासा नाराज दिखे।
इस मौके पर एडीएम एसके शर्मा, तहसीलदार गुलाब चन्द्रा, सीओ सदर प्रमोद कुमार यादव, कोतवाल साजिद सिद्दीकी, सैयदराजा थाना प्रभारी अरूण कुमार यादव, अलीनगर थाना प्रभारी अजय सिंह के साथ भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा।