चंदौली। ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में जिले की पुलिस लगातार दो महीने से प्रदेश में अव्वल है। अक्तूबर और नवंबर माह में शत प्रतिशत शिकायतों के निवारण करने पर पुलिस महानिदेशक कार्यालय से जारी रैंकिंग में चंदौली को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने अपने अधीनस्थोें को बधाई देने के साथ ही कार्य को और गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि नवंबर में कुल 313 आनलाइन शिकायतें दर्ज हुई थीं। इसमें सीएम पोर्टल से चार, प्रधानमंत्री पोर्टल की 13, आनलाइन प्रकरण चार व एसपी से संबंधित 292 मामले थे। शिकायतें प्राप्त होने के बाद आनलाइन सेल के पुलिसकर्मियों व थाना प्रभारियों से मामले की जांच कराई गई। इसके बाद समयबद्ध तरीके से शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर दिया गया। इसके पूर्व भी जनवरी, अगस्त व अक्तूबर माह में भी आनलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया था। इससे जनपद प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसलिए आनलाइन सेल के पुलिसकर्मियों को शिकायतों की जांच कराकर समय से निस्तारण को निर्देशित किया गया है। कहा कि आगे भी इसी तरह शिकायतों के निस्तारण का प्रयास जारी रहेगा।