पीडीडीयू नगर। नागरिक सुरक्षा कोर का स्थापना दिवस गुरुवार को यूरोपियन कालोनी स्थित कार्यालय प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आनंद वर्धन ने झंडारोहण कर किया। इसके बाद स्वयंसेवकों को जन कल्याणकारी कार्यों का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम पश्चात स्वयंसेवकों ने रुट मार्च निकाला। मुख्य अतिथि ने रूट मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक नीरज मिश्रा ने विभागीय कार्यकलापों पर प्रकाश डाला। वहीं पुलिस महानिदेशक नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से प्रेषित संदेश का पाठन मुख्य अतिथि ने किया। जिला कमांडेंट होम गार्ड्स मारकंडेय सिंह, एनसीसी के टीम कमांडर अशोक कुमार त्रिपाठी, भारत स्काउट एंड गाइड्स के अमित बनर्जी ने नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों की प्रशंसा की। वहीं रूट मार्च कार्यालय से प्रारंभ होकर वीआईपी गेट होते हुए सुभाष पार्क पहुंचकर समाप्त हुआ। कार्यक्रम में अरविंद रस्तोगी, राजीव कुमार, विवेक कुमार, कमलेश तिवारी, डॉ एके सिंह, धर्मप्रकाश जयसवाल, रंजीत भट्टाचार्य, विनोद राठौर, विजय दुबे, राजेश तिवारी आदि शामिल थे। चीफ वार्डन राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत बैज व कैप लगा कर किया।