चंदौली। एक जनपद एक उत्पाद के तहत जरी जरदोजी के व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को जनपद के सभी बैंकों में ऋण वितरण के लिए पंजीकरण कैंप का आयोजन हुआ। इसमें 21 उद्यमियों ने ऋण लेने के लिए बैंक शाखाओं में पहुंच आवेदन जमा किया। इसके बैंकों द्वारा कागजी कार्यवाही के बाद इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को ऋण स्विकृत किया जाएगा। जिन्हे लखनऊ में समारोह पूर्वक कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ऋण पत्र प्रदान करेंगे।
शासन से एक जनपद एक उत्पाद के तहत जरी जरदोजी व्यवसाय को चुना गया है। वहीं स्पष्ट निर्देश भी है कि इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को बिना किसी परेशानी के ऋण उपलब्ध कराया। इसी के तहत मंगलवार को अग्रणी जिला प्रबंधक जय कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी बैंकों में ऋण वितरण शिविर का आयोजन हुआ। इसमें जरी जरदोजी व्यवसाय से जुड़े 21 लोगों ने आवेदन किया। वहीं बैंकों द्वारा ऋण स्विकृत करने के बाद उन्हे 27 अक्तूबर को लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आयोजित ओडीओपी समिट में सीएम व्यवसाईयों को ऋण स्विकृति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। अग्रणी जिला प्रबंधक जय कुमार सिंह ने कहा कि बैंको का लक्ष्य असंगठित क्षेत्र के व्यवसायों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना और कोई नया व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं को प्रोत्साहित करना है। आगे भी उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जायेगा। उपायुक्त उद्योग गौरव मिश्रा ने कहा की ओडीओपी योजना में उद्योग एवं व्यवसाय से संबंधित कार्य के लिए ऋण दिया जायेगा। कहा कि हमारा मकसद जरी जरदोजी जैसे लघु व्यावसायिक इकाइयों को मजबूती प्रदान करना एवं उन्हें विकसित करना है।