पड़ाव। विकासखंड नियामताबाद के भोजपुर स्थित पुरानी बस्ती की एक गली में खड़ंजा न लगाए जाने और नाली का निर्माण न होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेेशानी हो रही है। इससे नाराज लोग सड़क पर उतर आए और जिला प्रशासन एवं सेक्रेट्ररी के खिलाफ नारे लगाए। चेताया कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली का निर्माण न होने से गली में गंदा पानी भर जा रहा है। कहा नाली और खड़ंजा निर्माण के लिए कई बार सेक्रेट्ररी से लेकर उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई गई मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गली के पास स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में जाने के लिए दिक्कत होती है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को हनुमान मंदिर के समीप गली में खड़े होकर जिला प्रशासन तथा सेक्रेटरी के खिलाफ की जमकर नारेबाजी की। चेताया कि जल्द काम पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। प्रधान सोहनलाल पटेल का कहना है कि गली और नाली बनाने के लिए गांव से प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है पैसा आने पर काम पूरा करा दिया जाएगा। विरोध करने वालों में विशाल सिंह, अदालत पटेल, सागर सेठ, धन्नो देवी, पार्वती देवी, उर्मिला देवी, सुनीता देवी, गायत्री देवी, रेमा देवी, शीतला प्रसाद उपाध्याय, चन्दा देवी, भोनू साव, लल्लन सेठ, दीपक कुमार प्रजापति, श्यामधर वर्मा, लक्ष्मी देवी, मल्लो देवी, मनोज, छोटू, विनोद, छोटे लाल इत्यादि सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।